गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 21 किलो 20 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचे चार तस्कर
थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस टीम क्षेत्र में ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर क्षेत्र में सप्लाई करने के उद्देश्य से आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने जल प्लांट रोड स्थित बिजलीघर के पास घेराबंदी कर चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 21 किलो 20 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने चारों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से गांजा लाकर एनसीआर में करते थे सप्लाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रान्नजीत राय, बुद्धुश्वेर नमोल, नुसील डीगल और पीयूष डीगल के रूप में हुई है। चारों अभियुक्त असम और ओडिशा के निवासी हैं और लंबे समय से गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से सस्ते दामों पर बड़ी मात्रा में गांजा खरीदकर उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। विशेष रूप से एनसीआर क्षेत्र में कुछ चुनिंदा लोगों को ऊंचे दामों पर गांजा बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
सप्लाई नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्हें यह गिरोह नियमित रूप से नशे की खेप उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था।
अभियुक्तों के मोबाइल फोन, संपर्क सूत्रों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है, जिससे इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की पहचान की जा सके। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार हो रही कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/prasoon-joshi-appointed-chairman/
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध गांजे की खेप बरामद हुई है। वर्ष 2026 में अब तक 25 अभियुक्तों को ऑपरेशन प्रहार के तहत जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक 43 किलो 11 ग्राम गांजा और 523 ग्राम नशीला पाउडर बरामद कर चुकी है।
