गाजियाबाद (शिखर समाचार): टीलामोड़ पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, चोरी की स्कूटी बरामद
थाना टीलामोड़ पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को थाना टीलामोड़ पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डिफेंस कॉलोनी कट, टीलामोड़ के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में स्कूटी के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और वाहन के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें स्कूटी चोरी की पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
रेकी कर चोरी करता था वाहन, सस्ते दामों में बेचने की थी योजना
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वादिल पुत्र अनवर निवासी शालीमार गार्डन, थाना शालीमार गार्डन, गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 22 वर्ष है और वह वर्तमान में जीटी चौक के पास किराए के मकान में रह रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर पहले वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलने पर उन्हें चोरी कर लेता था। चोरी किए गए वाहनों को वह राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेचने का लालच देकर ठिकाने लगाता था। उसने स्वीकार किया कि बरामद स्कूटी उसने दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र से चोरी की थी और उसे बेचने के लिए जा रहा था।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मुकदमे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी से मिलने वाले पैसों को अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च करता था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) और 317(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ थाना टीलामोड़ और थाना शालीमार गार्डन में लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
