देहरादून (शिखर समाचार)। राजधानी में तेजी से बढ़ रहे अनियोजित और अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को तुन्तोवाला और मेहुवाला माफी क्षेत्र में बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे दो निर्माणों को सील कर दिया गया।
तुन्तोवाला और मेहुवाला में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई
एमडीडीए की टीम ने तुन्तोवाला स्थित मोनाल एन्क्लेव और मेहुवाला माफी के चंद्रताल क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्थानों पर बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्य चलते हुए पाए गए।
तुन्तोवाला में अनुप चौहान और मुन्नी गीता द्वारा किए जा रहे निर्माण को बिना अनुमति के पाया गया, जबकि मेहुवाला माफी में राजीव जैन द्वारा बनाए जा रहे बहुमंजिला भवन को भी नियमों के उल्लंघन में चिन्हित किया गया।
बहुमंजिला भवन समेत दो निर्माण सील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-kamal-bhambri-appointed-youth-chief/
जांच के बाद विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए एमडीडीए ने दोनों अवैध निर्माणों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
पूरी कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेश पर की गई, जिसमें सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा और प्राधिकरण की टीम मौके पर मौजूद रही।
बिना नक्शे निर्माण से बिगड़ता है शहर का मास्टर प्लान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि बिना स्वीकृति के किए गए निर्माण शहर के मास्टर प्लान को प्रभावित करते हैं। इससे भविष्य में ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या, जलभराव और सीवर जैसी बुनियादी सुविधाओं पर दबाव बढ़ता है। साथ ही सुरक्षा और आपदा जोखिम भी बढ़ जाते हैं।
इसी कारण शहर में निगरानी व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया है।

अवैध निर्माण पर जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/bank-of-baroda-celebrate-118th-foundation-day/
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। वहीं अधिकारी मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि शहर में नियमित मॉनिटरिंग जारी है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निर्माण से पहले एमडीडीए से नक्शा अवश्य पास कराएं, ताकि कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
