रबूपुरा (शिखर समाचार)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रबूपुरा स्थित शांति देवी राजकीय महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करने का संकल्प दिलाया।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली पर दिया जोर
विधायक धीरेंद्र सिंह ने पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग से बचाव तथा समाज में हरियाली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में पेड़ों को केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन और लोककल्याण का प्रतीक माना गया है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान और धरती माता के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें।
इस अवसर पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के ओएसडी शैलेंद्र सिंह, अशोक तोमर, उदयवीर सिंह, गोपाल, मौज्जम खान तथा महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
