गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने ग्राम गंदूनंगला में दो मकानों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, अवैध हथियार तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह के साथ पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम गंदूनंगला में दो मकानों में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया।
शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय (पुत्र गोविन्द, निवासी सी ब्लॉक, विजय नगर, मोदीनगर, गाजियाबाद), दिनेश और पुष्पेन्द्र (पुत्रगण राजेन्द्र उर्फ सुभाष, निवासी ग्राम हैदरनगर, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके विरुद्ध जनपद मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ में चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट तथा हत्या सहित विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
चोरी की नकदी, हथियार और वाहन बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 1 हजार 200 रुपये नकद, अवैध हथियार तथा घटना में प्रयुक्त एक ईको कार बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
