गाजियाबाद (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को गाजियाबाद नगर निगम की गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर सुनीता दयाल, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली।
गौ-पूजन और प्राकृतिक पेंट इकाई का अवलोकन
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने गौ-पूजन किया तथा गोवंशों को हरा चारा और गुड़ खिलाया। महापौर सुनीता दयाल ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें गाय का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
इसके बाद मंत्री ने गौशाला परिसर में स्थापित प्राकृतिक पेंट निर्माण इकाई का भी अवलोकन किया। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार एवं डॉ. अनुज ने उन्हें प्राकृतिक पेंट निर्माण की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी।
गौशाला व्यवस्थाओं और गोवंश संरक्षण पर चर्चा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
निरीक्षण के बाद मंत्री ने नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना की और अधिकारियों को आगे और बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि गौशाला में वर्तमान में कुल 1,825 गोवंशों का संरक्षण किया जा रहा है, जिनमें 900 नंदी और 925 गायें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ती संख्या को देखते हुए गौशाला का विस्तार किया जा रहा है और व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित किया जा रहा है।
गौसेवकों के कल्याण पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि गौशाला में कार्यरत गौसेवकों का वेतन सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाता है। इस व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि गौसेवकों और उनके परिवारों के कल्याण का विशेष ध्यान रखा जाए।
मंत्री ने गौसेवकों से संवाद भी किया और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
