शामली (शिखर समाचार)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने रविवार देर रात कैराना नगर में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों को दिए सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर किया जागरूक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पैदल मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
