गाजियाबाद (शिखर समाचार)। कमिश्नरेट गाजियाबाद में 1 मई 2026 से संचालित विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत 23 और 24 मई को हाईराइज भवनों एवं अन्य महत्वपूर्ण परिसरों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना रहा।
हाईराइज सोसायटियों और महत्वपूर्ण परिसरों में मॉक ड्रिल
इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल एवं अन्य प्रभारी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर विभिन्न प्रमुख भवनों और संस्थानों में मॉक ड्रिल कराई। जिन स्थानों पर अभियान चलाया गया उनमें वीवीआई एड्रेस सोसाइटी राजनगर एक्सटेंशन, शिखर एन्क्लेव सेक्टर-15 वसुंधरा, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड मैक ल्यूब प्लांट टीला मोड़, वी केयर हॉस्पिटल राजेंद्र नगर साहिबाबाद, शिप्रा रिवेरा सोसायटी इंदिरापुरम, रामप्रस्थ ग्रीन प्लैटिनम सोसायटी, सेवियर ग्रीन सीलई आवासीय सोसायटी क्रॉसिंग रिपब्लिक तथा गंगा यमुना हिंडन एन्क्लेव आवासीय सोसायटी सिद्धार्थ विहार सहित कई स्थान शामिल रहे।
अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने फायर टेंडरों के साथ भवनों के निकास मार्गों का निरीक्षण किया और अग्निशमन प्रणालियों की कार्यशीलता की जांच की। साथ ही उपस्थित लोगों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण देकर आग से होने वाली जन-धन हानि के प्रति जागरूक किया गया।
सुरक्षा खामियों पर नोटिस और सुधार के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
निरीक्षण में जिन भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में कमियां पाई गईं, उन्हें सुधार के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं। साथ ही भवन स्वामियों और संबंधित प्रबंधन को विद्युत सुरक्षा प्रणाली का ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि सभी भवनों में स्थापित अग्निशमन प्रणालियों को सदैव ऑटो मोड एवं कार्यशील अवस्था में रखा जाए तथा निकास मार्गों को पूरी तरह अवरोध मुक्त रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित हो सके।
कमिश्नरेट गाजियाबाद ने इसे जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
