गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र के डीएलएफ इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस को एक फ्लैट के अंदर दो शव होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस डीएलएफ भगत सिंह चौक के पास बी-1 एस-2 फ्लैट पर पहुंची। फ्लैट खोलते ही तेज दुर्गंध आने पर अंदर दो शव पाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए, जिनसे पुलिस ने पूछताछ शुरू की।
फ्लैट से मिले दो शव, इलाके में मचा हड़कंप
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। फ्लैट में 70 वर्षीय राकेश शर्मा और 60 वर्षीय नेम सिंह के शव मिले। दोनों के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों फ्लैट में अकेले रहते थे।
पुलिस के अनुसार, राकेश शर्मा बिस्तर पर ही अधिकतर समय रहते थे, जबकि नेम सिंह उनके केयरटेकर के रूप में साथ रहते थे। इसके अलावा राकेश शर्मा टेंपो किराए पर चलवाने का काम भी करते थे।
नेचुरल डेथ की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पुलिस का कहना है कि शवों की स्थिति देखकर यह प्रतीत होता है कि दोनों की मौत प्राकृतिक (नेचुरल डेथ) लगभग तीन दिन पहले हुई है। हालांकि, मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी मिल सके।
