फर्जी एनईएफटी पर्ची दिखाकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Clever fraudster arrested for cheating people by showing fake NEFT slips IMAGE CREDIT TO POLICE

मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। जनपद में व्यापारियों को फर्जी भुगतान का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी एनईएफटी पर्ची दिखाकर महंगे सामान खरीदता और बिना वास्तविक भुगतान किए फरार हो जाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से तांबे का तार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।

फर्जी एनईएफटी पर्ची दिखाकर करता था ठगी

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मामला तब सामने आया जब शहर के एक व्यापारी ने शिकायत दी कि एक व्यक्ति उसकी दुकान से करीब एक लाख रुपये का तांबे का तार खरीदकर ले गया और भुगतान के नाम पर एनईएफटी की पर्ची दिखा दी। कुछ समय बाद जब व्यापारी के खाते में रकम नहीं पहुंची, तो उसे ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक व स्थिर निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे 1 मई 2026 को बुढ़ाना रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुज्जमिल पुत्र साजिद अली निवासी बेहटा हाजीपुर थाना लोनी बॉर्डर गाजियाबाद बताया।

मोबाइल से मिलीं 19 फर्जी पर्चियां, साथी फरार

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

आरोपी ने बताया कि वह मोबाइल एप की मदद से फर्जी एनईएफटी पर्ची तैयार करता था और दुकानदारों को दिखाकर सामान लेकर फरार हो जाता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2024 में भी उसने बुढ़ाना क्षेत्र में इसी तरह की ठगी की थी और जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल से 19 फर्जी एनईएफटी पर्चियां मिली हैं, जिनकी कुल राशि करीब 8.36 लाख रुपये है। इनसे अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में उसका साथी जव्वाद पुत्र शहाबुद्दीन निवासी लोनी बॉर्डर फरार है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह, निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, उपनिरीक्षक मुबारिक हसन, उपनिरीक्षक धर्मराज सिंह, हेड कांस्टेबल आकाश कुमार, सुनील कुमार और बालकिशन की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Leave a comment