खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। राजस्थान के नागौर में अखिल भारतीय कबीर मठ सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान एवं डॉ. बी.आर. आंबेडकर विकास सेवा समिति, रोहिणी के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. आंबेडकर कीर्ति सम्मान-2026 से मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पत्रकार रोहिताश्व कुमार वर्मा को सम्मानित किया गया।
ग्रामीण पत्रकारिता के लिए मिला सम्मान
रोहिताश्व कुमार वर्मा वर्तमान में मेरठ से प्रकाशित दैनिक जागरण में संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें ग्रामीण पत्रकारिता के माध्यम से जिले के उपेक्षित गांवों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों की आवाज बनने के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
सम्मान समारोह में पीठाधीश्वर महंत भारत भूषण, महंत डॉ. नानक दास महाराज, मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं नागौर विधायक हरेंद्र मिर्धा, पूर्व मंत्री डॉ. मंजू मेघवाल तथा पद्मश्री से सम्मानित हिमताराम भांभू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूर्व में भी मिल चुके हैं कई राष्ट्रीय सम्मान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
उल्लेखनीय है कि रोहिताश्व कुमार वर्मा को इससे पूर्व भी भारतीय प्रेस परिषद एवं मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
इसके अलावा उन्हें साहित्यिक संस्था प्रयागराज द्वारा कुलदीप नैयर अवार्ड, विश्व संवाद केंद्र मेरठ द्वारा नारद सम्मान, हरियाणा में राष्ट्र गौरव अवार्ड, ख्वाब फाउंडेशन बिहार द्वारा जयपुर में डॉ. कलाम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, मध्य प्रदेश के इंदौर में नेशन बिल्डर अवार्ड तथा उत्तराखंड में राष्ट्र विभूति अवार्ड जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। ग्रामीण सरोकारों से जुड़े उनके निरंतर प्रयासों और निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति समर्पण को यह सम्मान एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
