मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस अधीक्षक अपराध (एसपी क्राइम) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न शाखाओं का क्रमवार निरीक्षण
इस दौरान एसएसपी ने कार्यालय परिसर की विभिन्न शाखाओं जैसे डीसीआरबी, अंगुल छाप शाखा, एएचटीयू थाना, मॉनिटरिंग सेल, क्राइम ब्रांच तथा साइबर क्राइम थाना का क्रमवार निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, अपराध संबंधी सूचनाओं के समयबद्ध संकलन एवं विश्लेषण तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अपराध नियंत्रण में आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग के निर्देश भी दिए।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साइबर क्राइम थाना को विशेष सतर्कता बरतने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त एएचटीयू शाखा को मानव तस्करी से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करने, डीसीआरबी को अपराध आंकड़ों का अद्यतन एवं विश्लेषणात्मक संकलन बनाए रखने तथा मॉनिटरिंग सेल को विभिन्न मामलों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
साइबर सुरक्षा और मानव तस्करी पर विशेष फोकस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस उपाधीक्षक विश्वजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
