गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नवरात्रि के पावन अवसर पर आईएमएस गाजियाबाद में छात्रावास के विद्यार्थियों के लिए माता की चौकी का भव्य आयोजन किया गया। संस्थान की छात्रावास समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मां दुर्गा की आराधना, भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
माता की चौकी में 450 से अधिक विद्यार्थियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा के विधि-विधान से पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान की निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) जसकिरण कौर और सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। माता की चौकी में आमंत्रित भजन मंडली ने विभिन्न भक्ति गीतों और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने मां भगवती की महिमा का गुणगान किया, जिसे सुनकर उपस्थित विद्यार्थी भक्ति में लीन नजर आए। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
धार्मिक झांकियों और राधा-कृष्ण के नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने मां दुर्गा और सुदामा की झांकियां प्रस्तुत कीं। इसके साथ ही राधा-कृष्ण के नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर आईएमएस गाजियाबाद शिक्षण संस्थान समूह के महासचिव चार्टर्ड अकाउंटेंट (डॉ.) राकेश छारिया ने सभी छात्र-छात्राओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों को सामूहिक सहभागिता, धार्मिक आस्था और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
