हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर हरिद्वार में प्रमुख मार्गों, प्रवेश द्वारों और चौराहों को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सड़क सुधार, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के कार्य प्राथमिकता से निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
कुंभ की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप के प्रवेश द्वार, आईरिस पुल के आसपास और फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना कार्यान्वयन इकाई (पीआईयू) के अधिकारियों को जमा मलबा हटाने, नियमित सफाई कराने और सौंदर्यीकरण के कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर दीवार बनाने को भी कहा, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।
आईरिस पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों और पुलों के आसपास यातायात तथा सुरक्षा की व्यवस्था सुचारु रहनी चाहिए। इसके लिए अधिकारी स्थलीय जरूरतों के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता दें और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखें।
सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इसके बाद मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक पर सौंदर्यीकरण और भवनों के बाहरी स्वरूप को आकर्षक बनाने संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डाम कोठी मार्ग के चौड़ीकरण की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपलब्ध स्थान और सड़क की स्थिति के अनुसार क्षेत्र की साज-सज्जा की जाए। सड़क किनारे लगे बिजली और अन्य खंभों को यातायात में बाधा बनने से रोकने के लिए उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण और नगर निगम को आपसी समन्वय से काम करने को कहा।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ की तैयारियों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ शहर के समग्र स्वरूप को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए सभी काम समय पर पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्राधिकरण सचिव प्रत्यूष सिंह, उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी, पीआईयू अभियंता सरीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
