बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने पैतृक कस्बे बुढ़ाना के प्रति लगाव को एक बार फिर साबित करते नजर आए। हुसैनपुर कलां गांव में खरीदी गई कृषि भूमि के संबंध में शुक्रवार को वह दूसरे दिन भी तहसील परिसर स्थित उप-निबंधक कार्यालय पहुंचे और शेष बचे चार बैनामों की प्रक्रिया पूरी कराई।
अधूरी बैनामा प्रक्रिया पूरी करने तहसील पहुंचे नवाजुद्दीन
बताया गया कि अभिनेता गुरुवार को कृषि भूमि का बैनामा कराने तहसील परिसर के उप निबंधक कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन कुछ बैनामों की प्रक्रिया अधूरी रह जाने के कारण उन्हें दोबारा आना पड़ा। शुक्रवार दोपहर वह अपने भाई और फिल्म निर्माता फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ फिर तहसील पहुंचे।
यहां उन्होंने अपने अधिवक्ता प्रशांत शर्मा के साथ उप निबंधक पंकज जैन के समक्ष उपस्थित होकर शेष दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
भूमि पर आधुनिक और जैविक खेती को बढ़ावा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
फैजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी का उद्देश्य खरीदी गई भूमि पर आधुनिक और जैविक खेती को बढ़ावा देना है। उनका मानना है कि नई तकनीकों और जैविक तरीकों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
तहसील परिसर में प्रशंसकों की भीड़, अभिनेताओं ने दिया अभिवादन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-respect-for-womens-power-is-foundation/
अभिनेता के दूसरे दिन भी तहसील पहुंचने की सूचना जैसे ही फैली, आसपास के क्षेत्रों से उनके प्रशंसक तहसील परिसर में जुटने लगे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे मुलाकात की। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुंबई की चकाचौंध के बावजूद नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने पैतृक क्षेत्र और जड़ों से गहरा लगाव रखते हैं। तहसील में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह सीधे अपने पैतृक घर काजीवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया।
