ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने जनपद गौतमबुद्धनगर के भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र डाढा का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजित गोद भराई, अन्नप्राशन, कन्या जन्मोत्सव तथा किट वितरण कार्यक्रम में उन्होंने भाग लेते हुए लाभार्थी महिलाओं एवं बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया और महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
महिलाओं को साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील
अपने संबोधन में उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने महिलाओं को डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं और वहां संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी दनकौर संध्या सोनी, मुख्य सेविका ममता, पूनम रावत, ललिता तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
महिला बंदी गृह का निरीक्षण और कौशल विकास की सराहना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
इसके उपरांत उपाध्यक्ष ने जिला कारागार गौतमबुद्धनगर जाकर महिला बंदी गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदी महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें कारागार में मिल रही सुविधाओं और उनके मामलों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अच्छे आचरण वाली बंदी महिलाओं की सजा में रियायत दिलाने के संबंध में शासन को पत्राचार करने का आश्वासन दिया।
उपाध्यक्ष ने कारागार में बंदियों के कौशल विकास के लिए संचालित कार्यशालाओं का निरीक्षण किया और बंदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
