बिजनौर (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील चांदपुर के डबाकरा हॉल में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित जन समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव न हो, उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पहुंचे तथा कोई भी नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
63 शिकायतें हुईं प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
समाधान दिवस में कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप जिलाधिकारी नितिन तेवतिया, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
