हरिद्वार (शिखर समाचार)। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत यातायात और पार्किंग योजना जारी की है। स्नान पर्व के दौरान रात 12 बजे से पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को सीमावर्ती क्षेत्रों में ही रोक दिया जाएगा। नगलाइमरती से आने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग क्षेत्र में भेजा जाएगा। यहां से वाहनों को स्थिति के अनुसार धीरे-धीरे आगे जाने दिया जाएगा।
अलग-अलग शहरों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किए गए मार्ग और पार्किंग स्थल
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में होगी। यातायात का अत्यधिक दबाव होने पर नगलाइमरती, लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए वाहनों को बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, भगवानपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते देहरादून तथा ऋषिकेश की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए नीलधारा तथा गौरीशंकर पार्किंग में भेजा जाएगा। बड़े वाहनों के लिए भी चिड़ियापुर और श्यामपुर मार्ग से निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे तथा लालजीवाला पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। देहरादून और ऋषिकेश से दिल्ली-मेरठ जाने वाले वाहनों को चंडी चौक से राष्ट्रीय राजमार्ग-344 की ओर भेजा जाएगा।
शहर में ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के आवागमन पर भी रहेगी पाबंदी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा। ऋषिकेश से आने वाले विक्रम और ऑटो को जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। पुल जटवाड़ा और बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक विक्रम, ऑटो और टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से शंकराचार्य चौक और तुलसी चौक तक निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वाहनों को भेजकर वापस किया जाएगा। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौराहे के अंदर तक ई-रिक्शा और ई-ऑटो का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, जिससे स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
