खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। क्षेत्र के गांव छछरपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। युवा बेटे के साथ ही माता पिता की अर्थियां एक साथ उठने से गांव में गमगीन माहौल बना रहा। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे तथा हर आंख नम नजर आई।
बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे परिवार के तीन सदस्य
मृतकों में राजकुमार पुत्र मेहर सिंह (58 वर्ष), उनकी पत्नी महेंद्री (55 वर्ष) और बेटा सोनू (28 वर्ष) शामिल हैं। बताया गया कि तीनों मोटरसाइकिल से फलावदा निवासी एक बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई।
हादसे में तीनों की मौत, अस्पताल में तोड़ा दम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजकुमार और सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल महेंद्री को मेरठ के चिकित्सालय भेजा गया, जहां रास्ते में ही उनकी भी मृत्यु हो गई।
कोतवाल दिनेशचंद्र बघेल ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
