देहरादून (शिखर समाचार)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। 12 और 13 जून को होने वाले कार्यक्रमों के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति आशियाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। यहां वह राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण एवं विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी। इसके बाद 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स तथा 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपनी तैयारियों को पूर्ण रूप से त्रुटिहीन रखें। उन्होंने विद्युत, पेयजल, अग्नि सुरक्षा, वन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को अपनी व्यवस्थाओं के फिटनेस अथवा क्लियरेंस प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रपति उद्यान में विकसित की जा रही अवस्थापना सुविधाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।
राष्ट्रपति उद्यान बनेगा प्रमुख आकर्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
राष्ट्रपति के इस दौरे का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किया जा रहा भव्य राष्ट्रपति उद्यान रहेगा। लगभग 132 एकड़ क्षेत्रफल में बन रहा यह विश्वस्तरीय पार्क तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। हरियाली, स्वास्थ्य संवर्धन, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा यह उद्यान भविष्य में देहरादून की नई पहचान बनने की दिशा में अग्रसर है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पिछले वर्ष 20 जून को देहरादून में राष्ट्रपति तपोवन एवं राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया था। इसी अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखी थी। अब अपने आगामी दौरे में वह स्वयं इसके विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करेंगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा उद्यान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
उद्यान में आकर्षक थीम पार्क, आधुनिक कैफेटेरिया और फूड कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य प्रेमियों के लिए 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक तथा 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक तैयार किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योग पवेलियन, व्यूइंग एवं वॉटरफॉल डेक भी विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा खेल प्रेमियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त विशेष स्पोर्ट्स जोन का निर्माण भी किया जा रहा है।
पार्क परिसर में तीन भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण किया जा रहा है ताकि आगंतुकों की आवाजाही सुगम हो सके। साथ ही वाहनों के लिए आधुनिक एवं विस्तृत पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार सहित केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
