हापुड़ (शिखर समाचार)। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर अमेरिकन एडुग्लोबल अकादमी के बच्चों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कविता मीना को राखी बांधी। बच्चों ने जिलाधिकारी को तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान रक्षाबंधन के पर्व को लेकर बच्चों में उत्साह दिखाई दिया।
जिलाधिकारी कविता मीना ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट और उपहार देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक पर्व है। बच्चों द्वारा राखी बांधकर व्यक्त किया गया स्नेह बेहद भावुक और आत्मीय अनुभव है।
बच्चों को शिक्षा और मेहनत का दिया संदेश
उन्होंने बच्चों से कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से प्रेम, भाईचारे और आपसी विश्वास की भावना भी मजबूत होती है। जिलाधिकारी ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें खूब मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों से बातचीत कर जानी पढ़ाई और रुचियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अधिकारियों के बीच आत्मीय माहौल रहा। जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में भी जानकारी ली तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों ने भी जिलाधिकारी के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर खुशी जाहिर की।
