बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। नगर पंचायत बुढ़ाना द्वारा विद्यार्थियों के लिए निर्मित अत्याधुनिक सार्वजनिक लाइब्रेरी का शनिवार को भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीबीएसई एवं यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस लाइब्रेरी का हुआ उद्घाटन
लोकार्पण समारोह में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। नगर पंचायत अध्यक्ष उमा त्यागी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर चेयरमैन उमा त्यागी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए शांत, सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से सक्षम वातावरण उपलब्ध कराया गया है। पूर्णतः वातानुकूलित इस लाइब्रेरी में हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का समृद्ध संग्रह उपलब्ध कराया गया है।
छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
युवाओं के लिए वरदान साबित होगी लाइब्रेरी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पूर्व सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि यह लाइब्रेरी क्षेत्र के युवाओं के लिए वरदान साबित होगी। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण मिलेगा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को विशेष लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और बुढ़ाना को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन भूपति आर्य ने किया।
इस अवसर पर एसएसपी संजय वर्मा, पूर्व डीसीडीएफ चेयरमैन सुबोध त्यागी, रालोद नेता बाली त्यागी, विनोद त्यागी, राजेश संगल, सुभाष राठी, सभासद इमरान कुरैशी, राशिद मंसूरी, संयम पंवार, लक्ष्मण वाल्मीकि, सुनीता, नूरजहां मंसूरी, एडवोकेट अभिनव त्यागी, अंकुर त्यागी, राशिद अजीम, हिमांशु संगल, विकास पंवार, पुरुषोत्तम त्यागी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
