ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा में जनपद गौतमबुद्धनगर की तहसील जेवर, दादरी एवं सदर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तीनों तहसीलों में कुल 200 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध निर्देश दिए गए।
जेवर तहसील में डीएम ने सुनी समस्याएं
तहसील जेवर में जिलाधिकारी मेघा रूपम ने समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार की अध्यक्षता में 104 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर समाधान किया गया।
सदर तहसील में एडीएम (प्रशासन) की मौजूदगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 का निस्तारण मौके पर किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों की स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
