ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शनिवार को जनपद गौतम बुद्ध नगर की तीनों तहसीलों सदर, दादरी और जेवर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। पूरे जनपद में कुल 142 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 मामलों का निस्तारण अधिकारियों द्वारा मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सदर तहसील में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने समाधान दिवस में कड़ा रुख अपनाया: समयबद्ध निस्तारण और अनुपस्थित अधिकारियों पर वेतन रोक के निर्देश
तहसील सदर में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए आमजन से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। सदर तहसील में 08 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन जनता की समस्याओं को अत्यधिक गंभीरता से लेता है, इसलिए सभी अधिकारी समयबद्ध व प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने तंबाकू मुक्त युवा 3.0 अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में एच.एल. इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों पर जागरूक किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवकांत द्विवेदी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने प्रत्येक गाँव को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में योजनाओं की जानकारी साझा की। तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की डॉ. श्वेता खुराना ने तंबाकू रहित संस्थानों के मानक बताते हुए कहा कि 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पूरी तरह दंडनीय है। नशा छोड़ने के लिए मांश हेल्पलाइन 1933 की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
सदर तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद रहे सभी प्रमुख अधिकारी, सुनिश्चित की प्रभावी शिकायत निस्तारण प्रक्रिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sihani-gate-police-solved-a-showroom-theft/
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सदर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, तहसीलदार सदर प्रतीक चौहान, नायब तहसीलदार ज्योत्सना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दादरी तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 84 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 07 का निस्तारण मौके पर किया गया।

वहीं जेवर तहसील में उप जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का तुरंत निस्तारण कराया गया।
जनपद स्तर पर आयोजित यह सामूहिक प्रयास सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान को मजबूती प्रदान करता दिखाई दिया।
