कुंभ की तैयारियों में तेजी: मंडलायुक्त ने भूपतवाला से बैरागी कैंप तक परखी व्यवस्थाएं

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Kumbh preparations gain momentum: Divisional Commissioner reviews arrangements from Bhupatwala to Bairagi Camp — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भूपतवाला, वेद निकेतन घाट, खड़खड़ी पुल और बैरागी कैंप पहुंचकर निर्माण एवं अवस्थापना कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

पेयजल योजना और घाट निर्माण की प्रगति का लिया जायजा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html\

भूपतवाला में उन्होंने पावन धाम पंपिंग पेयजल योजना के पुनर्गठन कार्य का निरीक्षण किया। जल संस्थान के अभियंताओं ने बताया कि 1.52 करोड़ रुपये की लागत से योजना का पुनर्गठन पूरा कर लिया गया है। इसमें बोरिंग, पंप हाउस की स्थापना और पाइपलाइन बिछाने सहित कई कार्य किए गए हैं। मंडलायुक्त ने संचालन एवं अनुरक्षण की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने वेद निकेतन घाट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 1.09 करोड़ रुपये की लागत से घाट का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी लंबाई 72 मीटर होगी। मंडलायुक्त ने निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्य समय से पूरा करने को कहा।

बैरागी कैंप में भूमि और अस्थायी व्यवस्थाओं की समीक्षा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

खड़खड़ी पुल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यों की प्रगति जानी। अटल बिहारी वाजपेयी अतिथि गृह में चल रहे अनुरक्षण एवं पुनरुद्धार कार्यों को भी देखा और अधिकारियों को तेजी के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैरागी कैंप में उन्होंने मेला शिविरों और अखाड़ों के लिए प्रस्तावित भूमि की समतलीकरण एवं तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि आवंटन से पहले सड़क, विद्युत, पेयजल और अन्य अस्थायी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। साथ ही सती कैंप, दक्षद्वीप और गौरीशंकर क्षेत्र में क्षेत्रवार योजना तथा अस्थायी कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ नियमित निगरानी करते हुए व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment