कुंभ की तैयारियों को लेकर एडीजी प्रशासन ने कसी कमर, हर स्नान पर्व के लिए पहले से बनेगा पुलिस प्लान

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
ADG Administration gears up for Kumbh preparations; a police plan will be prepared in advance for every bathing festival — IMAGE CREDIT TO पुलिस

हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर पुलिस विभाग की तैयारियों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के प्रत्येक स्नान पर्व को महत्वपूर्ण मानते हुए पहले से स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए और आवश्यकता के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

निर्माण कार्यों और पुलिस व्यवस्थाओं की समीक्षा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसके बाद एडीजी ने कुंभ से संबंधित बड़े और छोटे निर्माण कार्यों तथा अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन और उसमें स्थापित किए जाने वाले उपकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की। साथ ही पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, रेलवे पुलिस लाइन, अस्थायी थानों और चौकियों की तैयारियों तथा कुंभ क्षेत्र में बनाए जाने वाले ठहराव एवं पार्किंग स्थलों के चिह्नीकरण और भूमि संबंधी प्रक्रिया की जानकारी ली।

अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी और पुलिस बल की उपलब्धता पर चर्चा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बैठक में अग्नि सुरक्षा के लिए तैयार आपात योजना की भी समीक्षा की गई। अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण से संबंधित उपकरणों की उपलब्धता, अतिरिक्त आवश्यकता तथा उपकरण खरीदने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। कुंभ क्षेत्र में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के लिए प्रस्तावित स्थानों की जानकारी भी ली गई।

इसके अलावा उपलब्ध वाहनों और अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता, जारी बजट, अतिरिक्त बजट की जरूरत तथा कुंभ में तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों की उपलब्धता और अतिरिक्त आवश्यकता पर अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एडीजी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक बरिंदरजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment