गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना मुरादनगर पुलिस ने मुठभेड़ में एक लुटेरे करन को गिरफ्तार करने का दावा किया है। मुठभेड़ में करन के पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इसके कब्जे से 1 अवैध तमंचा, 1 खोखा कारतूस, 1 जिन्दा कारतूस, 1 मोबाइल फोन, 1 ऑटो रिक्शा और 700 रूपये नकद बरामद किए।
चेकिंग के दौरान मुठभेड़
एसीपी अजय कुमार ने बताया कि थाना मुरादनगर पुलिस दुहाई से नवीपुर बम्बा पेरिफेरल एक्सप्रेसवे अण्डरपास के नीचे चेकिंग कर रही थी, तभी नवीपुर की तरफ से एक ऑटो रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा चेकिंग हेतु ऑटो रिक्शा को टोर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया गया, लेकिन ऑटो रिक्शा सवार व्यक्ति ने वाहन नहीं रोका और पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिससे वह बम्बे के पास फंस गया।
पुलिस के अनुसार, अपने आप को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके पर उसे पकड़ लिया और अस्पताल में भर्ती कराया।
लूट की वारदात का खुलासा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करन (उम्र 24 वर्ष) बताया। उसने स्वीकार किया कि कुछ दिन पूर्व उसने अपने साथियों पुनित शर्मा, जतिन मित्तल व अनुराग गुप्ता के साथ मिलकर मेरठ मोड़ से एक व्यक्ति को ऑटो में बिठाकर दो मोबाइल फोन और 5600 रुपये की लूट की थी।
आरोपी के अनुसार लूट के बाद पीड़ित को दुहाई पेरिफेरल के आगे सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया था और लूट की रकम आपस में बांट ली गई थी। बरामद मोबाइल फोन और नकदी उसी वारदात से संबंधित हैं।
