बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। बुढ़ाना पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त धातु का कड़ा बरामद किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
अंकित हत्याकांड में पुलिस को मिली सफलता
जानकारी के अनुसार गत शुक्रवार को क्षेत्र के गांव कुरथल निवासी अंकित का शव जंगल में पड़ा मिला था। इस मामले में मृतक के चाचा कवल सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ब्रह्म सिंह तथा दो अन्य लोगों के विरुद्ध लोहे की रॉड और धातु के कड़े से पीट-पीटकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली प्रभारी सुभाष बाबू अत्री ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी खतौली रोड स्थित बसी गेट के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर वह खेतों में कूद गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी, तमंचा बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी ब्रह्म सिंह पुत्र नैन सिंह के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त धातु का कड़ा बरामद किया है।
सुभाष बाबू अत्री ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा पा चुका है और न्यायालय से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आया हुआ था। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
