गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना मोदीनगर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधडी कर ठगी करने वाले 3 अभियुक्त राहुल, मनोज और सुमित को गिरफ्तार करने के दावा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग बैंको के 12 एटीएम कार्ड, 3 मोबाइल फोन, 1 लाख 22 हजार 370 नगद और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की। संवाददाता सम्मलेन में एसीपी मोदीनगर अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि इन तीनों ने मिलकर थाना मोदीनगर इलाके में एटीएम कार्ड बदलकर 3 ठगी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद इन तीनों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार करने के बाद इनके कब्जे से एटीएम कार्ड व अन्य सामान भी बरामद किया। उन्होंने बताया कि मनोज के खिलाफ 4, सुमित के खिलाफ 6 और राहुल के खिलाफ 3 मुक़दमे दर्ज है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह तीनों एटीएम बूथ में दाखिल होकर एटीएम से पैसे निकाल रहे व्यक्ति का पिन कोड देख लेते थे और उसे अपनी बातों में उलझा कर एटीएम कार्ड बदल दिया करते थे। कार्ड बदलने के बाद ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर दूसरे एटीएम बूथ से पैसे निकाल लिया करते थे। पैसों को वह तीनों आपस में बांट लिया करते थे।
