मेरठ मण्डलायुक्त ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर यशोदा मेडिसिटी सेंटर में तैयारियों का किया निरीक्षण

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Meerut Divisional Commissioner inspected the preparations at Yashoda Medicity Center for the President's program IMAGE CREDIT TO INFORMATION DEPARTMENT

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन आगामी 26 अक्टूबर 2025 को महामहिम द्रोपदी मुर्मू द्वारा किए जाने को लेकर मेरठ मण्डलायुक्त ऋषिकेश भास्कर ने शुक्रवार को इन्दिरापुरम स्थित शक्ति खण्ड-2 में निर्मित यशोदा मेडिसिटी में तैयारियों का निरीक्षण किया। मण्डलायुक्त ने इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर की जा रही समस्त व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, पार्किंग व्यवस्था, अतिथियों के आगमन मार्ग, मंच व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया। कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केन्द्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अनुप्रिया पटेल सहित अनेक अतिथियों उपस्थिति होंगे। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली जाएँ तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

WhatsApp Image 2025 10 24 at 7.56.04 PM

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू रखने एवं मार्गदर्शन हेतु स्पष्ट दायित्व निर्धारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़, एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सन्तोष कुमार उपाध्याय, एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव सहित नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि आगन्तुक गणमान्य अतिथियों एवं आम जन के लिए यह कार्यक्रम सफल एवं ऐतिहासिक बन सके।

Share This Article
Leave a comment