गाजियाबाद (शिखर समाचार)। कन्या विवाह सहायता योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों की शादी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में स्थान-रामलीला ग्राउन्ड कविनगर गाजियाबाद में सकुशल सम्पन्न कराई गई। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में गाजियाबाद के 14 जोड़े, बुलन्दशहर के 24 जोड़े एवं हापुड़ के 24 जोड़े उपस्थित हुए। सामूहिक विवाह में 27 जोड़े हिन्दू तथा 35 मुस्लिम जोड़े उपस्थित हुए। कार्यक्रम में वर-वधू के लिये फलो की टोकरी एवं लड्डू की टोकरी तथा वर-वधू के पक्ष के सभी उपस्थित व्यक्तियों के लिये नाश्ते एवं भोजन की उचित व्यवस्था तथा संस्कृतिक कार्यक्रम की व्यवस्था श्रम विभाग द्वारा करायी गयी। हिन्दू कन्याओं की शादी पंडित द्वारा तथा मुस्लिम कन्याओं की शादी काजी द्वारा पूर्ण विधि विधान से सम्पन्न करायी गयी।
अतिथियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
उक्त कार्यक्रम में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेन्द्र कश्यप, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, अभिनव गोपाल, मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद, अनुराग मिश्र, उप श्रमायुक्त गाजियाबाद, कृष्ण अवतार, सहायक श्रमायुक्त गाजियाबाद एवं गाजियबाद क्षेत्र के श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों द्वारा वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम का आरम्भ मंच पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके उपरान्त उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्रा द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुये अपने उद्बोधन में सामूहिक विवाह आयोजन की उपयोगिता, उसके सामाजिक उद्देश्य तथा श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिये चलाई जा रही अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी।
1 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि नरेन्द्र कश्यप ने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न हितकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सामूहिक विवाह योजना के संबंध में बताया कि इसके अंतर्गत 1 लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 15 हजार रुपये कार्यक्रम आयोजन में खर्च होते हैं तथा शेष 85 हजार रुपये लाभार्थी के सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं।
श्रम विभाग द्वारा चलाई जा रही इस योजना से श्रमिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
