गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना लोनी पुलिस ने बीती 10 जून 2026 को हुई तस्लीम उर्फ चीनी की हत्या का खुलासा करते हुए 2 अभियुक्त साबिर और आमीन को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए।
पुलिस ने हत्या का किया खुलासा
खास बात यह है कि पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते तस्लीम की हत्या की गई थी। संवाददाता सम्मेलन में एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 11 जून 2026 को थाना लोनी पर हत्या की शिकायत दी गई थी। शिकायत में फैसल, शेरुद्दीन, आदिर और आयान समेत कई लोगों पर तस्लीम की हत्या करने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना तंत्र का सहारा लिया। जांच में सामने आया कि घटना में साबिर और आमीन शामिल थे, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
डेढ़ साल पुराना विवाद बना हत्या की वजह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले मृतक तस्लीम उर्फ चीनी ने अपने साथी रेहान के साथ मिलकर साबिर के भाई यूनुस की हत्या कर दी थी। उस मामले में उसकी फूफी का बेटा शेरुद्दीन गवाह था। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही थी।
आरोप है कि तस्लीम सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर आरोपियों को धमकाता था और गवाही न देने का दबाव बनाता था। इसी रंजिश के चलते 10 जून 2026 को साबिर ने अपने साथी आमीन के साथ मिलकर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
