बिजनौर (शिखर समाचार)
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेहरू स्टेडियम में ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मंत्री को औषधीय पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
नेहरू स्टेडियम में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
योग कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को ताड़ासन, भुजंगासन, प्राणायाम सहित विभिन्न योगासन एवं योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। बड़ी संख्या में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। योग जीवन के उत्थान, आत्मानुशासन और स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार है।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सदर विधायक सुची चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
