ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में यमुना प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण पहल की है। सेक्टर-32 में एवरी डेनिसन कंपनी के समीप प्राधिकरण द्वारा कंपनी को अपनत्व के लिए दी गई करीब छह एकड़ भूमि पर विकसित हरित पट्टी का मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने 27 अगस्त को लोकार्पण किया। इस हरित पट्टी में करीब 21 हजार पौधों का रोपण करने के साथ आकर्षक लॉन विकसित किया गया है। सड़क के स्तर से नीचे होने के कारण यहां जलभराव की समस्या से बचाव के लिए वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की गई है।
हरित पट्टी में पैदल पथ और मियावाकी पद्धति से पौधरोपण
हरित पट्टी में लोगों के टहलने के लिए पैदल पथ बनाया गया है। यहां मियावाकी पद्धति से पौधरोपण करने के साथ विभिन्न प्रजातियों के फूलदार और छायादार वृक्ष लगाए गए हैं। ऐसे फूलदार पौधों का भी चयन किया गया है, जिनसे अलग-अलग मौसम में पूरे वर्ष हरियाली और पुष्प दिखाई देते रहें। यह हरित पट्टी आम लोगों के लिए खुली रहेगी। इससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण के साथ घूमने-टहलने के लिए बेहतर स्थान भी उपलब्ध होगा।
एवरी डेनिसन के लिए गिव मी ट्रीज संस्था ने विकसित की परियोजना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस परियोजना को एवरी डेनिसन के लिए गिव मी ट्रीज संस्था ने विकसित किया है। निकट भविष्य में कंपनी ने समीपवर्ती गोलचक्कर को भी विकसित करने में रुचि दिखाई है। लोकार्पण कार्यक्रम में उपनिदेशक उद्यान आनंद मोहन सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक उद्यान डॉ. आरती सिंह तथा एवरी डेनिसन की ओर से निदेशक अमिताभ सागर, अजय कुमार, प्रदीप और इंदू सहित प्राधिकरण एवं कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
यमुना प्राधिकरण ने वर्ष 2026-27 में निर्धारित 77,007 पौधों के लक्ष्य के मुकाबले कुल 1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।
