मोदीनगर में 70 वर्षीय सर्राफा कारोबारी की तेजधार हथियार से हुई हत्या, एक आरोपी पुलिस हिरासत में

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
In Modinagar, a 70-year-old jewellery trader was murdered with a sharp weapon; one suspect is in police custody IMAGE CREDIT TO REPORTER

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना मोदीनगर क्षेत्र के गोविंदपुरी में गुरुवार सुबह उस समय अफरा तफरी का माहौल हो गया, जब 70 वर्षीय सर्राफा कारोबारी गिरधारी लाल वर्मा की उनकी ही दुकान में अंकित ने तेजधार हथियार से लगातार वार कर उनकी हत्या कर दी। गिरधारी लाल की आवाज सुनकर स्थानीय निवासी और उनका बेटा उपेंद्र मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने अंकित को पकड़ना चाहा तो अंकित ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया, जिसमें उपेंद्र घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने अंकित को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। हमले में घायल गिरधारी लाल वर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कारोबारी की हत्या की सूचना सुनते ही राजनीति से लेकर क्षेत्र के तमाम व्यापारी मौके पर पहुंच गए। गिरधारी लाल के शव को देखते ही सभी व्यापारी आग बबूला हो गए और प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग करने लगे। मौके की गंभीरता को समझते हुए खुद एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को शांत किया। खास बात यह है कि घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अंकित गिरधारी लाल के ऊपर लगातार वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में थाना मोदीनगर क्षेत्र के गोविंदपुरी में गिरधारी लाल वर्मा की लगभग 50 साल से गिरधारी लाल एंड संस ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। रोज की तरह गिरधारी लाल वर्मा अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचे। गिरधारी लाल ने जैसे ही दुकान खोली तो लूट के इरादे से अंकित दुकान में दाखिल हो गया और गिरधारी लाल पर तेजधार हथियार से लगातार वार करने शुरू कर दिए, जिस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे घटना को अंजाम दिया गया था। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या की पुष्टि हुई है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे है, ताकि यह पता चल सके कि उसके साथ और कौन-कौन शामिल था।

WhatsApp Image 2025 12 04 at 7.17.41 PM
Share This Article
Leave a comment