गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद तथा जलकल विभाग की टीम ने विजयनगर के वार्डों में गंगाजल का ट्रायल प्रारंभ कर दिया है। इसमें वार्ड संख्या 48 मिर्जापुर, वार्ड संख्या 14 सर्वोदय नगर, वार्ड संख्या 15 प्रताप विहार एल ब्लॉक, वार्ड संख्या 58 शिवपुरी, वार्ड संख्या 3 पुराना विजयनगर, वार्ड संख्या 51 केलाखेड़ा तथा वार्ड संख्या 55 सेक्टर-11 प्रताप विहार डी ब्लॉक शामिल हैं।
कई वार्डों में ट्रायल सप्लाई शुरू
महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि विजयनगर के लगभग 11 वार्डों में गंगाजल पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में 8 वार्डों में गंगाजल ट्रायल के रूप में पहुंचाया गया है। वार्ड संख्या 4 माता कॉलोनी और वार्ड संख्या 25 अंबेडकर नगर शंकरपुरी में भी गंगाजल पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है और अगले एक सप्ताह में वहां भी ट्रायल सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
विभाग के अनुसार लगभग छह टंकियों के माध्यम से विजयनगर क्षेत्र में गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है। इनमें मिर्जापुर डबल टंकी, गुलाबी टंकी (वार्ड 51), वार्ड 55 बी ब्लॉक टंकी, जी ब्लॉक पुराना विजयनगर (वार्ड 3), सेक्टर-9 (वार्ड 14) की टंकी शामिल हैं। इन माध्यमों से गंगाजल की ट्रायल सप्लाई की निगरानी की जा रही है और टीम को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
पाइपलाइन मरम्मत और लीकेज सुधार कार्य जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
रोज बेल टंकी से जुड़े वार्ड संख्या 25 और 4 में पाइपलाइन मरम्मत और लीकेज सुधार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद इन दोनों वार्डों में भी गंगाजल की ट्रायल सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
गंगाजल मिलने पर क्षेत्र के पार्षदों एवं स्थानीय निवासियों ने नगर निगम का आभार व्यक्त किया है। पार्षद ओमप्रकाश और पार्षद साजिदा ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर धन्यवाद भी दिया।
