——-एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। आगामी 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/soybean-crop-damaged-in-raisen/
बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा निर्देशों के अनुरूप अपनी सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हों। किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या होने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए।
सख्त निगरानी और जांच के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन संबंधी दिशा निर्देशों का गहन अध्ययन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करने दिया जाए।
बैठक में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए प्रोफेसरों द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित दिशा निर्देशों एवं मानकों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
