गाजियाबाद को कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था की सौगात, निदौरी में आधुनिक प्लांट शुरू

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Ghaziabad Gets a Permanent Waste Management Solution as a Modern Plant Begins Operations in Nidoori. IMAGE CREDIT TO नगर निगम

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शहर में दशकों से चली आ रही कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। नगर निगम और खोड़ा नगर पालिका के कूड़े के निस्तारण के लिए निदौरी गांव में आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र शुरू किया गया है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने हवन-पूजन के बाद नारियल फोड़कर संयंत्र का शुभारंभ किया। फिलहाल इसे दो सप्ताह के परीक्षण के रूप में संचालित किया जाएगा।

निदौरी गांव में आधुनिक कूड़ा निस्तारण संयंत्र शुरू, रोजाना 2 हजार टन कचरे के निस्तारण की क्षमता

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम के पास लंबे समय से कूड़ा निस्तारण के लिए अपनी स्थायी जमीन उपलब्ध नहीं थी। इस समस्या के समाधान के लिए क्लस्टर आधारित व्यवस्था के तहत निदौरी गांव में लगभग 45 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में संयंत्र स्थापित किया गया है। यहां आधुनिक मशीनों और तकनीक के माध्यम से प्रतिदिन लगभग एक हजार से दो हजार टन कूड़े के निस्तारण की क्षमता विकसित की गई है। कूड़े से खाद और आरडीएफ तैयार किया जाएगा।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर की पुरानी समस्याओं का समाधान कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने घरों से निकलने वाले कूड़े का उचित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने और संयंत्र के संचालन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पीपीपी मॉडल पर 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ संयंत्र

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

यह संयंत्र सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर तैयार किया गया है। इसके निर्माण पर लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। नगर निगम ने इसके लिए जमीन उपलब्ध कराई है, जबकि कार्यदायी संस्था एडीओ ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने संयंत्र का निर्माण कराया है। महापौर और नगर आयुक्त ने संस्था के निदेशक संजय गुप्ता तथा अंकित अग्रवाल को परीक्षण अवधि के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रकाश प्रभारी स्वप्निल जैन, अतुल सहित निगम अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment