नई दिल्ली (शिखर समाचार) शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत गढ़वाल हितैषिणी सभा ने अब खेल जगत में भी कदम रखते हुए समाज की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का बड़ा संकल्प लिया है। शनिवार 20 सितंबर को सभा के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत और महासचिव पवन कुमार मैठानी की मौजूदगी में देवभूमि स्पोर्ट्स महाकौथिग फाउंडेशन के अध्यक्ष अर्जुन सिंह कंडारी व महासचिव राजेंद्र सिंह रावत के साथ एक अहम करार हुआ। इस समझौते के तहत गढ़वाल हितैषिणी सभा ने निर्णय लिया कि फाउंडेशन द्वारा आयोजित 6th T-20 Knockout Cricket Tournament-2025 की उपविजेता टीम को 75,000 रुपये का नगद पुरस्कार प्रायोजित करेगी।
क्रिकेट महाकुंभ में उत्तराखण्ड की चमक: 64 टीमें, 960 खिलाड़ी, एक संघर्ष
सभा अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने जानकारी दी कि इस क्रिकेट महाकुंभ में दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखण्ड की 64 टीमें शामिल होंगी, जिनमें लगभग 960 प्रतिभाशाली खिलाड़ी मैदान पर अपना हुनर दिखाएंगे। वहीं, फाउंडेशन अध्यक्ष अर्जुन सिंह कंडारी ने बताया कि इस आयोजन का स्लोगन रहेगा खेलो उत्तराखण्ड, बढ़ो उत्तराखण्ड, जीतो उत्तराखण्ड।
सहभागी संस्था माता पार्वती देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष महावीर सिंह राणा ने बताया कि आगामी 26 अक्टूबर को नोएडा क्रिकेट स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह होगा, जबकि समापन समारोह 14 दिसम्बर को मंसूर अली खाँ पटौदी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जामिया में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उत्तराखण्ड की सभी 64 टीमें ड्रेस कोड में मार्च पास्ट के साथ उद्घाटन समारोह में भाग लेंगी।
पेशेवर अंदाज़ में होगा टूर्नामेंट, उद्घाटन सजेगा सांस्कृतिक रंगों से
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/judge-praveen-jain-last-day-at-consumer-forum/
फाउंडेशन के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अनिल सिंह रौथाण ने कहा कि टूर्नामेंट पूरी तरह पेशेवर अंदाज में होगा। वहीं, सभा के खेल सचिव सुधीश नेगी ने बताया कि उद्घाटन एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा।
संयुक्त बैठक में दोनों संस्थाओं के पदाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, रेनू उनियाल, धीरेन्द्र रावत, एडवोकेट जे.एस. रावत, विमल कंडारी, नागेन्द्र कंसवाल, द्रविड़ सिंह रावत, वीरेन्द्र सिंह नेगी, आर.पी. चमोली, विनोद नोटियाल, देवेन्द्र जोशी, वीरेन्द्र दत्त उनियाल और विकास चमोली विशेष रूप से मौजूद रहे।

