ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर बुधवार को एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यपद्धति और निर्धारित समय-सीमा पर गहन चर्चा हुई।
निर्वाचक नामावली को शुद्ध और समावेशी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल समन्वय बढ़ाने का आग्रह किया
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाना है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज हो और कोई भी अपात्र नाम उसमें बना न रहे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट तत्काल नियुक्त करें ताकि वे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ मिलकर अभियान को प्रभावी बना सकें। उन्होंने कहा कि बीएलए और बीएलओ के बीच बेहतर तालमेल इस अभियान की सफलता की कुंजी है, दोनों के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र नाम सूची में शामिल न रहे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार ने कार्यक्रम की समय-सीमा और कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक तैयारी, प्रशिक्षण और प्रिंटिंग का कार्य होगा। इसके बाद 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और मतदाताओं को उसे भरने में सहयोग देंगे। उन्होंने बताया कि 5 से 8 दिसम्बर के बीच कंट्रोल टेबल की तैयारी की जाएगी और 9 दिसम्बर को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। दावा और आपत्ति की अवधि 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक तय की गई है, जिसका निस्तारण 31 जनवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। आयोग से अनुमति प्राप्त करने के बाद 7 फरवरी 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
राजनीतिक दलों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया और मतदाता जागरूकता बढ़ाने की पहल करने का संकल्प लिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/a-massive-fire-broke-out-in-a-scrap-warehouse/
बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया और मतदाता जागरूकता को गति देने की बात कही, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट नीरज लोहिया, समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, अनूप तिवारी, बसपा जिला प्रभारी ओम प्रकाश सिंह, जिला महासचिव एडवोकेट राजकुमार गुर्जर, एडवोकेट मुकेश सेठी, एडवोकेट रामबल सिंह, सीपीआई (एम) प्रतिनिधि अरुण प्रताप सिंह सहित उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार जेवर ओमप्रकाश पासवान, तहसीलदार दादरी प्रीति बालियान और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

