हापुड़ (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने पात्र शिक्षकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित की। साथ ही शिक्षकों के वेतन खातों के संबंध में भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए समझौता ज्ञापन की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाधिकारी कविता मीना ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा हूणा और भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
पात्र शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा योजना के स्वास्थ्य कार्ड
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया के नेतृत्व में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना के स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य कार्ड प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने इसे सरकार की महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल बताते हुए खुशी जताई।
मुख्य अतिथि सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में परिषदीय विद्यालयों के आधारभूत ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है। कायाकल्प योजना के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है और आज कई विद्यालय निजी विद्यालयों के समकक्ष दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का स्वस्थ और सुरक्षित रहना जरूरी है, इसलिए यह योजना उनके लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
शिक्षकों के कल्याण और बेहतर शिक्षा व्यवस्था पर दिया गया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य के जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा हूणा ने कहा कि सरकार शिक्षकों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों और उनके परिवारों को उपचार के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन अंजू तोमर और अंजू आजाद ने संयुक्त रूप से किया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षाविद विपिन चौहान, श्वेता गुप्ता, डॉ. सुमन अग्रवाल, पूजा मित्तल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
