शामली (शिखर समाचार)। मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय संगिनी व आशा वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों ने गुरुवार को सदर विधायक प्रसन्न चौधरी के कैंप कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
मानदेय बढ़ाने और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग
धरने को संबोधित करते हुए पूनम शर्मा ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर कम से कम 21 हजार रुपये और आशा संगिनियों का मानदेय 26 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता वर्ष 2006 और संगिनियां वर्ष 2014 से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रही हैं, लेकिन अभी तक उन्हें नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं। कार्यकर्ताओं ने प्रसव कार्य के दौरान होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति राशि दिए जाने की भी मांग उठाई।
उन्होंने आपातकालीन स्थिति में प्रसव कराने वाली आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों को 700 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 30 दिन का मुआवजा देने, दुर्घटना एवं मृत्यु बीमा का लाभ उपलब्ध कराने तथा सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन देने की मांग की। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त 12 लाख रुपये दिए जाने की मांग भी रखी गई।
25 अक्टूबर तक समाधान नहीं हुआ तो लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
एसोसिएशन की बबिता ने चेतावनी दी कि यदि 25 अक्टूबर तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आशा कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं के कामबंद आंदोलन के कारण स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं।
धरने में रेखा, सविता, पूजा, नर्गिस, इशराना, राखी, बबिता, मानदीप, सुनीता, बबली, राकेश, मौसमी और अनिता समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता एवं संगिनियां मौजूद रहीं।
