कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Chief Secretary Conducts On-Site Inspection of Preparations for Kumbh Mela 2027 IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

——-निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से समझौता न करने के निर्देश

हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ रोड़ी-बेलवाला से रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप और बैरागी कैंप होते हुए सीसीआर टावर तक पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

धीमी गति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने धीमी गति से चल रही परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने, बाधाओं की तत्काल पहचान कर समाधान कराने तथा विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।

रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में प्रशासनिक मार्ग और हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। प्रशासनिक मार्ग के लिए 4325.14 लाख रुपये तथा हरकी पैड़ी पुनर्विकास के लिए 6677.21 लाख रुपये स्वीकृत हैं। हाथीपुल से अलकनंदा के मध्य घाटों के पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मजबूत रेलिंग और चेन लगाने तथा पैदल आवागमन सुगम बनाने को कहा।

चौराहों, औषधि भंडार और सीसीआर-2 भवन का लिया जायजा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

ऋषिकुल में सड़क नवीनीकरण तथा शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहों के सुधार एवं पैदल पथ कार्यों का निरीक्षण किया गया। रोशनाबाद में 251.98 लाख रुपये की लागत से बन रहे औषधि भंडार तथा दक्षद्वीप के बैरागी क्षेत्र में 1246.09 लाख रुपये से बन रहे 60 मीटर पुल का भी जायजा लिया गया। सीसीआर-2 भवन को मेले से पहले तैयार करने के लिए आवश्यकता के अनुसार दिन-रात कार्य कराने के निर्देश दिए।

बाद में डाम कोठी में अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्य सचिव ने विभागवार निर्माण कार्यों और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्ता जांच लगातार और सख्ती से कराने तथा कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और उनकी बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment