सपा नेता के घर चला बुलडोजर, गांव में भारी तनाव सपाइयों में आक्रोश, पुलिस ने गांव में घुसने से रोका

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Bulldozer action was taken at the house of an SP (Samajwadi Party) leader; heavy tension prevailed in the village. SP workers were enraged, and the police stopped people from entering the village IMAGE CREDIT TO REPORTER

हापुड़ (शिखर समाचार)। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित गांव हैदरपुर नंगौला में बुधवार को सरकारी भूमि पर बने समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अययूब सिद्दीकी के मकान पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। घटना की जानकारी मिलते ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया तथा उन्होंने गांव की ओर कूच करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का आरोप

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जानकारी के अनुसार प्रशासन का आरोप है कि गांव के तालाब की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बनाया गया था। बताया गया कि गांव में करीब 42 मकान सरकारी भूमि पर बने हुए हैं, जिनको पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि ग्रामीणों और सपा नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने केवल सपा नेता के मकान को निशाना बनाते हुए एकतरफा कार्रवाई की है।

भारी पुलिस बल के बीच चली बुलडोजर कार्रवाई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बुधवार सुबह एडीएम संदीप कुमार, एएसपी विनीत भटनागर, एसडीएम इला श्रीवास्तव, तहसीलदार स्वाति गुप्ता तथा नायब तहसीलदार नितिन कुमार पुलिस बल और बुलडोजर के साथ गांव पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान पर बुलडोजर चलवाया। कार्रवाई के दौरान गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालात को देखते हुए गांव के सभी प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

सपा नेताओं में नाराजगी, गांव जाने से रोका

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

घटना की सूचना मिलने पर सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष तेजपाल प्रमुख, इकबाल कुरैशी, प्रदेश सचिव संजय यादव, अनिल आजाद, कमाल मंसूरी और वसीम मेवाती सहित कई नेता गांव पहुंचने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें गांव में प्रवेश नहीं करने दिया। कुछ नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की भी चर्चा रही। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।

मामला न्यायालय में विचाराधीन होने का दावा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सपा नेता अययूब सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद प्रशासन ने दबाव में कार्रवाई की है। उन्होंने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया।

अधिकारियों से नहीं हो सका संपर्क

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-international-airport-to-begin/

मामले को लेकर एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।

Share This Article
Leave a comment