हरिद्वार (शिखर समाचार)। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने रविवार को जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मोतीचूर तक राजमार्ग का निरीक्षण कर डाक कांवड़ियों की भीड़, वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त विद्युत, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शौचालयों में नियमित साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को वर्षा के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी के प्रभावी इंतजाम करने तथा रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी संवेदनशीलता से कार्य करें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।
अधिकारियों ने शंकराचार्य चौक स्थित स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां उपचार करा रहे कांवड़ियों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि चोट लगने या अन्य स्वास्थ्य समस्या के कारण शिविर में पहुंचने वाले शिवभक्तों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए।
पार्किंग, पेयजल और शौचालय व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यातायात के दबाव को देखते हुए भारी वाहनों को बैरागी कैंप और दक्ष द्वीप की ओर तथा दोपहिया वाहनों को गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, रोडीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग में भेजा जा रहा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों को अंतिम चरण में भी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा यातायात एवं मार्ग परिवर्तन संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक रेनू लोहानी, नगर क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
