गाजियाबाद (शिखर समाचार)। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बुधवार को गाजियाबाद का विभागीय दौरा कर माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण कार्य, शिक्षकों की भूमिका और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद विकास भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्धारित एजेंडे के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
दौरे की शुरुआत में अपर मुख्य सचिव ने विजय नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके बाद लोनी विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय बागराणप पहुंचकर शिक्षकों से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पूरी टीम के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का भी भ्रमण किया। यहां खान अकादमी सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक संजय उपाध्याय, सहायक निदेशक बेसिक ऐश्वर्या लक्ष्मी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य ज्योति दीक्षित मौजूद रहीं।
विकास भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके बाद विकास भवन में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयकों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडे के प्रत्येक बिंदु की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए बैठक का समापन किया।
