नोएडा (शिखर समाचार) प्रथम लेखराम अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में नोएडा वंडर्स ने अपने जबरदस्त खेल प्रदर्शन से बालाजी जूनियर क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। मुकाबले की शुरुआत में नोएडा वंडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और टीम के गेंदबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित कर दिखाया।
नोएडा वंडर्स की घातक गेंदबाजी, बालाजी जूनियर सिर्फ 80 रन पर ढेर
बालाजी जूनियर की टीम निर्धारित 29.3 ओवर में सिर्फ 80 रन बनाकर सिमट गई। नोएडा वंडर्स के गेंदबाजों ने शानदार तालमेल के साथ बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। विहान अधना ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में दो मेडन डालकर मात्र 15 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं कनव सोनी और दश भारद्वाज ने भी दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा वंडर्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 10.4 ओवर में 9 विकेट शेष रहते आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के बल्लेबाज गरवंश वेरी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों पर नाबाद 53 रन ठोके और अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया।
विहान अधना बने मैन ऑफ द मैच, विहान नेगी और दर्श भारद्वाज ने भी जीते पुरस्कार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/unity-march-organized-in-dadri-assembly/
फाइटर ऑफ द मैच का खिताब विहान नेगी के नाम रहा जिन्होंने अपनी सटीक गेंदबाजी से एक विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बेस्ट बॉलर का अवार्ड दर्श भारद्वाज को मिला जबकि पूरे मैच में बेहतरीन गेंदबाजी और संतुलित प्रदर्शन के लिए विहान अधना को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पुरस्कार वितरण अंपायर लोचन सिंह के हाथों किया गया। टूर्नामेंट में अब तक का यह मुकाबला सबसे रोमांचक साबित हुआ, जिसमें नोएडा वंडर्स ने अपनी मजबूत एकजुटता और शानदार क्रिकेट कौशल का परिचय देते हुए विरोधी टीम को पूरी तरह परास्त कर दिया।
