गाजियाबाद/ लखनऊ (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए कार्य करने के आदेश दिए हुए है, जिससे विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से पूर्ण किया जा सकें। इतना ही नहीं विकास कार्यों की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग करने के आदेश भी जनप्रतिनिधियों को दिए हुए है, जिसे आम जनता को विकास योजनाओं का लाभ मिल सके और किसी भी कार्य में भ्रष्टाचार नहीं हो। गाजियाबाद शहर के विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गाजियाबाद में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक ने हाउस टैक्स वृद्धि के मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और बेहताशा वृद्धि पर लगाम लगाने का अनुरोध किया। विधायक ने मुख्यमंत्री से नागरिकों की आर्थिक स्थिति का ध्यान रखते हुए मौजूदा दरो में संभावित कटौती करने का अनुरोध भी किया। हाउस टैक्स के अलावा क्षेत्र के त्वरित और समावेशी विकास के मुद्दे भी विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखें, जिसमें सड़क, बिजली और शिक्षा के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए प्रभावी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
