ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं और कायाकल्प योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
कायाकल्प के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने निपुण भारत मिशन के तहत जनपद में अब तक किए गए कार्यों और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को अन्य संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर सभी परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला टास्क फोर्स की ओर से निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष विद्यालयों का शत-प्रतिशत निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान केवल व्यवस्थाओं की जांच ही नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया जाए।
विद्यालयों में सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
उन्होंने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना जरूरी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, यमुना प्राधिकरण, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।
