सेक्टर बीटा-01 की बदहाली पर डीएम सख्त, सीवर ओवरफ्लो से लेकर सड़क-पार्क तक की समस्याओं के समाधान के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
DM takes a tough stance on the poor state of Sector Beta-01; issues directives to resolve issues ranging from overflowing sewers to the condition of roads and parks.IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-01 का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। सेक्टरवासियों ने दोनों ओर बाउंड्री वॉल नहीं होने, सीवर ओवरफ्लो, सड़कों पर गड्ढे, जलापूर्ति की समस्या, ई-ब्लॉक की खराब ट्यूबवेल और सी-ब्लॉक पार्क की बाउंड्री वॉल सहित विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जिलाधिकारी ने मौके पर समस्याओं का निरीक्षण करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, वन विभाग और उद्यान विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सेक्टरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने सीवर और जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति के दौरान सीवर और पेयजल की पाइपलाइन आपस में जुड़ने की स्थिति न बने, जिससे पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित न हो। प्राधिकरण अधिकारियों को नियमित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल निकासी बॉक्स के आसपास अतिक्रमण रोकने के निर्देश भी दिए गए।

सी-ब्लॉक स्थित बिस्मिल पार्क के रखरखाव, सौंदर्यीकरण, बाउंड्री वॉल और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए वन विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्य कराने को कहा गया। इसके अलावा सेक्टर की खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने तथा खुले और ढीले तारों को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

पार्कों और जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराने पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से बाउंड्री वॉल, जल निकासी, सड़क मरम्मत, पार्कों की सफाई और जलापूर्ति समेत सभी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेक्टर के पार्क में पीलखन, बरगद और पीपल के पौधे भी लगाए तथा सेक्टरवासियों से पौधारोपण और पौधों के संरक्षण में सहभागिता की अपील की। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, एसएम ग्रेटर नोएडा चेतराम सिंह, संबंधित अधिकारी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और सेक्टरवासी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment